Donald Trump एक बार फिर कड़े फैसले लेने के मूड में हैं, और इस बार निशाने पर हैं 41 देश, जिनमें पाकिस्तान, अफगानिस्तान और भूटान भी शामिल हैं। अमेरिकी अधिकारियों ने साफ कर दिया है कि इस बार के यात्रा प्रतिबंध पहले से भी ज्यादा सख्त होंगे। याद होगा कि अपने पहले कार्यकाल में ट्रंप ने सात मुस्लिम बहुल देशों पर बैन लगाया था, लेकिन इस बार लिस्ट लंबी हो गई है।

न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, अमेरिका में अवैध आव्रजन को रोकने के लिए ट्रंप सरकार इन 41 देशों पर यात्रा प्रतिबंध लगाने की योजना बना रही है। इन देशों को तीन लिस्ट में बांटा गया है। पहली लिस्ट में 10 देश हैं, जिन्हें “लाल सूची” में रखा गया है। इन देशों के नागरिकों को अमेरिका आने की इजाजत नहीं होगी, यानी पूरी तरह से बैन। इस लिस्ट में अफगानिस्तान, क्यूबा, ईरान, लीबिया, उत्तर कोरिया, सोमालिया, सूडान, सीरिया, वेनेजुएला और यमन शामिल हैं। दूसरी लिस्ट में पांच देश म्यांमार, इरिट्रिया, हैती, लाओस और दक्षिण सूडान हैं, जबकि तीसरी लिस्ट में 26 देश हैं, जिसमें पाकिस्तान और तुर्कमेनिस्तान जैसे नाम शामिल हैं।
इस फैसले से पाकिस्तान में हड़कंप मच गया है। हालांकि, पाकिस्तान सरकार का कहना है कि उन्हें इस तरह के प्रतिबंधों की कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता शफकत अली खान ने कहा कि ये खबरें सिर्फ अटकलें हैं। लेकिन, हाल ही में अमेरिका और पाकिस्तान के बीच कूटनीतिक विवाद बढ़ा है। कुछ दिनों पहले तुर्कमेनिस्तान में पाकिस्तानी राजदूत केके अहसान वागन को अमेरिका में एंट्री नहीं दी गई और लॉस एंजिल्स से वापस भेज दिया गया। इस कदम से साफ है कि अमेरिका पाकिस्तान को लेकर कोई बड़ा फैसला लेने की तैयारी में है।
ट्रंप सरकार के इस फैसले का असर इन 41 देशों के नागरिकों पर सीधा पड़ेगा। अमेरिका में एंट्री के लिए वीजा निलंबित कर दिया जाएगा। लेकिन, ट्रंप प्रशासन इन देशों को 60 दिनों की मोहलत देगा ताकि वे अपनी सुरक्षा खामियों को दूर कर सकें। ट्रंप के इस कदम से दुनियाभर में हलचल तेज हो गई है और अब सभी की नजरें अमेरिका के आधिकारिक ऐलान पर टिकी हैं। क्या ट्रंप इस फैसले से दुनिया की राजनीति में नया भूचाल ला देंगे? जवाब जल्द मिलेगा!
